एनएच-44 पर भयावह दुर्घटना: कंटेनर से आमने-सामने टक्कर में BDDS टीम के 4 जवान शहीद, 1 गंभीर
सागर। नेशनल हाईवे-44 पर सागर जिले के बांदरी क्षेत्र में बुधवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मुरैना से बालाघाट ड्यूटी कर लौट रही पुलिस की BDDS (बम निरोधक दस्ता) टीम के वाहन को तेज रफ्तार कंटेनर ने झिंझनी घाटी के पास सामने से जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि BDDS वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। मौके पर ही चार जवानों की मौत हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया।
JCB से काटकर निकाले गए शव
हादसे के बाद वाहन मलबे में तब्दील हो गया। पुलिस और राहत दल ने पहुंचकर JCB की मदद से वाहन की बॉडी को काटकर फंसे हुए जवानों को बाहर निकाला। सभी शवों को पंचनामा तैयार कर बांदरी अस्पताल भेजा गया।
मृतकों की पहचान
प्रधुमन दीक्षित, जवान (मुरैना)
अमन कोरव, जवान (मुरैना)
परस्मलाल तोमर, चालक (मुरैना)
विनोद शर्मा, डॉग मास्टर (भिंड)
गंभीर घायल
आरक्षक राजीव चौहान, निवासी मुरैना — गंभीर, इलाज जारी।
पुलिस ने कंटेनर चालक और हादसे के कारणों
की जांच शुरू कर दी है।
